Headlines

स्वामी श्रद्धानंद बलिदान दिवस पर समरसता उत्सव

Spread the love

नई दिल्ली, 21 दिसंबर। आर्य समाज डोरी वाला, न्यू रोहतक रोड द्वारा महान समाज सुधारक एवं स्वतंत्रता सेनानी स्वामी श्रद्धानंद जी का बलिदान दिवस पर दो दिवसीय कार्यक्रम के रूप में श्रद्धा, भक्ति एवं सामाजिक समरसता के वातावरण में मनाया गया। इस अवसर को समरसता दिवस के रूप में भी मनाया गया। कार्यक्रम में समाज के विभिन्न वर्गों से आए 50 से अधिक यजमानों द्वारा विधिवत हवन यज्ञ संपन्न कराया गया।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता श्री मिथलेश कुमार, आरएसएस बौद्धिक प्रमुख (उत्तर क्षेत्र) रहे। उन्होंने अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में स्वामी श्रद्धानंद जी के तपस्वी जीवन, उनके ऐतिहासिक बलिदान, शुद्धि आंदोलन तथा घर वापसी अभियान के लिए किए गए संघर्षों पर विस्तार से प्रकाश डाला। साथ ही उन्होंने वर्तमान समय में बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रही घटनाओं, दीपु दास सहित अन्य हिंदू मंदिरों पर हुए हमलों का उल्लेख करते हुए समाज को सजग, संगठित एवं सतर्क रहने का आह्वान किया।
आर्य समाज के प्रधान श्री वागीश शर्मा ने स्वामी श्रद्धानंद जी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके सामाजिक योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि स्वामी श्रद्धानंद जी ने जामा मस्जिद में मुस्लिम नेताओं के साथ शास्त्रार्थ भी किया था। वे एक महान स्वतंत्रता सेनानी, आर्य समाजी संन्यासी तथा स्वामी दयानंद सरस्वती से प्रेरित थे। उनका पूर्व नाम मुंशी राम था, जो आगे चलकर स्वामी श्रद्धानंद बने। उन्होंने वर्ष 1902 में हरिद्वार में गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय की स्थापना की।
23 दिसंबर 1926 को दिल्ली में उनकी निर्मम हत्या कर दी गई और वे हिंदू धर्म एवं समाज की रक्षा हेतु सर्वोच्च बलिदान देने वाले महान महापुरुष बने।
आर्य समाज डोरी वाला द्वारा प्रत्येक वर्ष ऐसे महापुरुषों को स्मरण किया जाता है जिन्होंने धर्म एवं समाज के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित किया। कार्यक्रम के अंतर्गत छोटे बच्चों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ (कविता, नाटक आदि) दी गईं तथा प्रतिभागी बच्चों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर करोल बाग विधायक श्री विशेष रवि, पार्षद श्रीमती उषा महेंद्र गौतम, पूर्व महापौर श्री रविंदर गुप्ता, वीएचपी दिल्ली सचिव श्री सुरेंद्र गुप्ता सहित समाज के अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। कार्यक्रम के ब्रह्मा के रूप में आचार्य गवेंद्र शास्त्री ने यज्ञ संपन्न कराया।
कार्यक्रम के समापन पर आर्य समाज प्रधान श्री वागीश शर्मा ने अपनी पूरी टीम — नरेश कुमार, राजेश बजाज, राजेश आर्य, ममता नरूला, संध्या विष्णोई, मधु सिंगल, सारिका सुमन शर्मा (प्रधान स्त्री समाज), सुमुदित इस्सर (प्रचार मंत्री), अमन शास्त्री (पुरोहित), अभिषेक एवं अमित यादव का कार्यक्रम को सफल बनाने हेतु हार्दिक आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top