The Biharijanseva : नई दिल्ली, 19 अप्रैल। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद दिल्ली विश्वविद्यालय के गार्गी महाविद्यालय में हुए छात्रसंघ चुनावों में हुई धांधली की घटना की निंदा करता है। गार्गी महाविद्यालय छात्रसंघ चुनाव में प्रशासन में बैठे वामपंथी विचार के शिक्षकों द्वारा आइसा और एसएफआई के प्रत्याशियों को जिताने के लिए सुनियोजित तरीके से चुनाव प्रक्रिया में धांधली की जा रही थी।
17 अप्रैल को गार्गी महाविद्यालय में संपन्न हुए छात्रसंघ चुनाव के दौरान एक प्रत्याशी छात्रा द्वारा डूसू अध्यक्ष आर्यन मान एवं अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं से संपर्क कर यह अवगत कराया गया कि महाविद्यालय प्रशासन द्वारा चुनाव प्रक्रिया में पक्षपातपूर्ण प्रक्रिया से चुनाव हो रहा है तथा निष्पक्ष मतदान प्रक्रिया प्रभावित हो रही है। मतदान के दौरान संबंधित छात्रा के साथ महाविद्यालय के नॉन-टीचिंग स्टाफ द्वारा बदसलूकी किए जाने की भी शिकायत प्राप्त हुई।
तत्पश्चात छात्रा के आग्रह के आधार पर डूसू अध्यक्ष एवं अभाविप कार्यकर्ता महाविद्यालय परिसर पहुंचे और गार्गी महाविद्यालय के गेट पर पूर्णतः शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक ढंग से प्रदर्शन कर छात्रा की शिकायत को प्रशासन के समक्ष रखा। प्रदर्शन के दौरान नॉन-टीचिंग स्टाफ के लोगों द्वारा पुनः अभाविप कार्यकर्ताओं के विरुद्ध भद्दी एवं जातिसूचक टिप्पणियां की गईं, जिसका वीडियो प्रमाण भी उपलब्ध है। यह घटना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण एवं निंदनीय है।
डूसू अध्यक्ष आर्यन मान ने महाविद्यालय की प्राचार्या से वार्ता कर स्पष्ट किया कि विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता किसी भी प्रकार से महाविद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था भंग करने नहीं आये, बल्कि छात्रसंघ चुनाव की पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने हेतु वहां पहुंचे हैं। अभाविप का मत सदैव छात्र हित, छात्राओं के सम्मान और उनके लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा रही है।
यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है कि कुछ वामपंथी शिक्षकों एवं तथाकथित लेफ्टिस्ट तंत्र द्वारा राजनीतिक विद्वेष से प्रेरित होकर इस पूरे विषय को तोड़-मरोड़ कर प्रस्तुत कर छात्राओं को भड़काने का प्रयास किया गया। वास्तविकता यह है कि अभाविप कार्यकर्ता सैकड़ों छात्राओं का समर्थन प्राप्त करने वाली एक छात्रा के साथ हो रहे पक्षपात के विरोध में शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने पहुंचे थे।
अभाविप दिल्ली प्रदेश मंत्री श्री सार्थक शर्मा ने कहा कि अभाविप सदैव छात्राओं की सुरक्षा, सम्मान एवं निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया के समर्थन में खड़ी रही है और आगे भी खड़ी रहेगी। किसी भी प्रकार के दुष्प्रचार, झूठ एवं नफरत की राजनीति का विद्यार्थी परिषद तथ्य और सत्य के आधार पर उत्तर देती रहेगी।


