Headlines

विष्णु पुराण ट्राइबल आर्ट एकल चित्र प्रदर्शनी का भव्य उद्घाटन

Spread the love

अंशु कुमार
नई दिल्ली, 3 मार्च। इंडिया हैबिटेट सेंटर के कन्वेंशन में विष्णु पुराण ट्राइबल आर्ट एकल चित्र प्रदर्शनी का भव्य उद्घाटन हुआ। यह प्रदर्शनी 5 मार्च तक आम दर्शकों के लिए खुली रहेगी। इस प्रदर्शनी में प्रसिद्ध कलाकार अनिरुद्ध कुमार ने भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक परंपराओं और पौराणिक कथाओं को जनजातीय कला शैली में प्रभावशाली रूप से प्रस्तुत किया है। प्रदर्शनी की मुख्य थीम भारतीय संस्कृति के गौरवशाली अध्याय रामायण काल, महाभारत काल तथा भगवान कृष्ण की विविध लीलाओं पर आधारित है।

चित्रों में रामायण के आदर्श जीवन-मूल्य, मर्यादा, त्याग और धर्म की स्थापना के प्रसंगों को जीवंत किया गया है। महाभारत से प्रेरित कृतियों में धर्म-अधर्म के संघर्ष, श्रीकृष्ण के गीता उपदेश तथा कुरुक्षेत्र के ऐतिहासिक प्रसंगों को कलात्मक रूप में उकेरा गया है। वहीं श्रीकृष्ण की बाल एवं रास लीलाओं को पारंपरिक ट्राइबल शैली में रंगों और प्रतीकों के माध्यम से आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया गया है। उद्घाटन समारोह में कला जगत की कई प्रतिष्ठित हस्तियों की उपस्थिति रही। मुख्य अतिथि के रूप में प्रख्यात कलाकार रश्मि धर एवं जीवाग्राम कल्याण केंद्र, एनएबीएच से मान्यता प्राप्त आयुष अस्पताल के निदेशक काजल चौहान उपस्थित रहे। जिन्होंने कलाकार के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रदर्शनी भारतीय सांस्कृतिक धरोहर को नई पीढ़ी तक पहुँचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है।

प्रदर्शनी की विशेषता यह है कि इसमें पारंपरिक जनजातीय कला को आधुनिक अभिव्यक्ति के साथ संयोजित किया गया है, जिससे भारतीय संस्कृति की गहराई, विविधता और आध्यात्मिक चेतना का सशक्त प्रदर्शन होता है। कला प्रेमियों, विद्यार्थियों और शोधार्थियों के लिए यह प्रदर्शनी भारतीय पौराणिक विरासत को समझने और अनुभव करने का एक अनूठा अवसर प्रदान करती है। आयोजकों ने सभी नागरिकों से प्रदर्शनी में पधारकर भारतीय कला और संस्कृति के इस उत्सव का हिस्सा बनने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top