सौभाग्य
नई दिल्ली, 7 अप्रैल। डॉ. भीमराव अम्बेडकर महाविद्यालय की राजभाषा समिति ने विद्यार्थियों एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों के लिए एक दिवसीय कार्यशाला एवं पत्र-लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का विषय ‘कार्यालयी पत्र-व्यवहार एवं राजभाषा हिन्दी’ रहा, जिसका उद्देश्य प्रतिभागियों को आधिकारिक कामकाज में हिन्दी के प्रयोग और औपचारिक पत्र-लेखन की बारीकियों से अवगत कराना था ।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में पावरग्रिड कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड के राजभाषा प्रबंधक अभिनय कुमार झा उपस्थित रहे। कॉलेज के प्राचार्य प्रो. सदानंद प्रसाद, कार्यक्रम की संयोजिका प्रो. शशि रानी और सह-संयोजक प्रो. राम प्रकाश द्विवेदी ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। प्राचार्य प्रो. सदानंद प्रसाद ने अपने संबोधन में राजभाषा हिन्दी के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि कार्यालयी कार्यों में सरल और स्पष्ट हिन्दी का प्रयोग न केवल संवाद को सुगम बनाता है, बल्कि यह हमारी सांस्कृतिक पहचान को भी सुदृढ़ करता है। उन्होंने विद्यार्थियों को इस कार्यशाला का अधिकतम लाभ उठाने के लिए प्रोत्साहित किया।
अभिनय कुमार झा ने अपने व्यकत्व्य में ‘कार्यालयी पत्र-व्यवहार’ के विभिन्न तकनीकी पहलुओं को साझा करते हुए सरकारी और अर्ध-सरकारी संस्थानों में टिप्पण (Noting) और प्रारूपण (Drafting) पर विस्तारपूर्वक चर्चा की। राष्ट्रभाषा एवं राजभाषा में अंतर स्पष्ट करते हुए कार्यालयी- पत्र कौशल को उदाहरणों के माध्यम से समझाया कि कैसे कम शब्दों में प्रभावी और संवैधानिक रूप से सही पत्राचार किया जा सकता है। राजभाषा हिन्दी के संदर्भ में भविष्य की संभावनाओं पर चर्चा करते हुए कहा कि विद्यार्थियों को राजभाषा से संबंधित भविष्य में बहुत से अवसर प्राप्त होंगे। कार्यक्रम के द्वितीय चरण में विद्यार्थियों और कर्मचारियों के लिए पत्र-लेखन प्रतियोगिता आयोजित की गई जिसमें बड़ी संख्या में छात्र एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर समिति के सदस्य प्रो. ममता, प्रो. अर्चना माथुर, डॉ. विनीत कुमार एवं विशेष आमंत्रित सदस्य प्रो. बिजेंद्र कुमार एवं डॉ. राजबाला गौतम सहित कॉलेज के अन्य शिक्षक और भारी संख्या में छात्र उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।


