दीपशिखा।
नई दिल्ली। नई दिल्ली स्थित सुषमा स्वराज भवन में राष्ट्रीय महिला आयोग द्वारा आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय पत्रकार सम्मेलन “मीडिया मंथन” का शनिवार को समापन हुआ। समापन समारोह में एनसीडब्ल्यू अध्यक्ष विजया रहाटकर ने मीडिया की भूमिका पर जोर देते हुए कहा कि जेंडर-संवेदनशील रिपोर्टिंग समाज में महिलाओं के अधिकार, सम्मान और न्याय को सशक्त बनाती है।
सम्मेलन में देशभर के प्रिंट और डिजिटल मीडिया से जुड़े पत्रकारों ने भाग लिया, जिसमें 20 से अधिक राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों का प्रतिनिधित्व रहा। बिहार टीम ने इस कार्यक्रम में भाग लिया और मीडिया मंथन के दौरान अपने विचार प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं से जुड़े मुद्दों पर जिम्मेदार और नैतिक पत्रकारिता को बढ़ावा देना था। उद्घाटन सत्र में दो महत्वपूर्ण प्रकाशनों—“ट्रू साइबर सखी” और “रिपोर्टिंग विद डिग्निटी”—का विमोचन किया गया, जो मीडिया पेशेवरों को सुरक्षित डिजिटल व्यवहार और संवेदनशील रिपोर्टिंग के लिए मार्गदर्शन प्रदान करते हैं।
सम्मेलन के दौरान प्रतिभागियों ने अपने अनुभव साझा किए और रिपोर्टिंग की चुनौतियों पर चर्चा की। विभिन्न सत्रों में मीडिया कानून, महिलाओं से संबंधित कानूनी प्रावधान, और भाषा व प्रस्तुतीकरण की भूमिका पर विशेषज्ञों ने विचार रखे।
अंत में, अध्यक्ष ने पत्रकारों से अपील की कि वे समाज में सकारात्मक बदलाव के वाहक बनें और महिलाओं की आवाज को सम्मानपूर्वक सामने लाएं।

