Headlines

साइबर क्राइम विषय पर जागरूकता कार्यशाला

Spread the love

नई दिल्ली,13 दिसम्बर। पुरानी सीमापुरी राजकीय बाल उच्च विद्यालय में साइंस ऑफ लिविंग के अंतर्गत साइबर क्राइम विषय पर व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता प्रतिष्ठित पुलिस अधिकारी विक्रान्त चौधरी थे।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानाचार्य देवेंद्र कुमार के स्वागत भाषण से हुआ, जिसमें सुरक्षित एवं संयमित डिजिटल जीवन की आवश्यकता पर बल दिया। तत्पश्चात् चौधरी ने विद्यार्थियों को सरल तथा प्रभावी उदाहरणों के माध्यम से साइबर अपराध की परिभाषा तथा वर्तमान परिप्रेक्ष्य में इसकी बढ़ती चुनौतियों के बारे में जानकारी दी।
अपने संबोधन में उन्होंने ऑनलाइन ठगी, बैंकिंग एवं UPI फ्रॉड, OTP शेयरिंग, फिशिंग लिंक, सोशल मीडिया हैकिंग, साइबर बुलिंग, फर्जी जॉब‑ऑफर एवं पहचान की चोरी जैसे प्रमुख साइबर अपराधों के बारे में सचेत किया। विद्यार्थियों को यह समझाया गया कि अजनबियों के साथ व्यक्तिगत जानकारी, फोटो, पासवर्ड या OTP साझा करना कितना जोखिमपूर्ण है तथा संदिग्ध लिंक, फर्जी कस्टमर‑केयर कॉल और लुभावने ऑफ़र से कैसे बचा जाए। उन्हीने विद्यार्थियों को मजबूत पासवर्ड बनाने, दो‑स्तरीय प्रमाणीकरण का उपयोग करने, गोपनीयता सेटिंग्स अद्यतन रखने और केवल विश्वसनीय ऐप/वेबसाइट ही प्रयोग करने जैसी डिजिटल हाइजीन की आदतें अपनाने के लिए प्रेरित किया। साथ ही राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल और हेल्पलाइन के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि किसी भी साइबर अपराध या संदेह की स्थिति में तुरंत माता‑पिता, शिक्षक और नजदीकी पुलिस थाने से संपर्क करना चाहिए ताकि समय रहते कार्रवाई हो सके।
कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य महोदय ने दिल्ली सरकार एवं पुलिस विभाग द्वारा विद्यालयों में साइबर जागरूकता संबंधी पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के व्याख्यान विद्यार्थियों को जिम्मेदार व सतर्क डिजिटल नागरिक बनने में सहायक सिद्ध होंगे।
कार्यक्रम में श्री आदिल, श्री राजेश कुमार, श्री तरुण झा, श्री प्रभाकर प्रसाद श्रीवास्तव, श्री पंकज पांडेय, श्री जीत बहादुर त्रिपाठी, डॉ. विवेक तिवारी, श्री लाखन सिंह, श्री शिव कुमार शर्मा, श्री राकेश, श्री महबूब आलम, श्री राजकुमार, श्री राम भवन, श्री सचिन, श्री अजीत यादव, श्री पवन, श्री शजर, अमित, अनुभव, महेश, नमरा आदि सहित अनेक शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top