Headlines

भारत को सोने की चिड़िया नहीं, सोने का शेर बनाना है : उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरीवेद सनातन धर्म की मूल आधारशिला : पूर्व राज्यपाल गंगा प्रसादस्वामी दयानंद सरस्वती के नाम पर सड़क नामकरण का आग्रहविराट आर्य महासम्मेलन व राष्ट्र निर्माण महायज्ञ का भव्य शुभारंभगाजे-बाजे और मंत्रोच्चार के साथ निकली शोभायात्रा, आर्य वीर दल का प्रदर्शन आकर्षण का केंद्र

Spread the love

पटना, दीपशिखा।
भारत अब सोने की चिड़िया नहीं, बल्कि सोने का शेर बनेगा—यह विश्वास व्यक्त किया बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने। वे शुक्रवार की शाम मीठापुर स्थित दयानंद विद्यालय में आयोजित विराट आर्य महासम्मेलन सह राष्ट्र निर्माण महायज्ञ के उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे। महर्षि दयानंद सरस्वती की 200वीं जयंती और आर्य समाज की स्थापना के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में यह आयोजन किया गया है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे बिहार राज्य आर्य प्रतिनिधि सभा के मुख्य संरक्षक एवं पूर्व राज्यपाल गंगा प्रसाद ने कहा कि वेद ही सनातन धर्म की मूल आधारशिला हैं। आर्य समाज न केवल धार्मिक जागरण, बल्कि सामाजिक सुधार का भी संवाहक है।

सभा के प्रधान सह विधायक डॉ. संजीव चौरसिया ने दानापुर-खगौल मार्ग का नामकरण स्वामी दयानंद सरस्वती मार्ग करने का अनुरोध किया, जिसे उपमुख्यमंत्री ने सहर्ष स्वीकार कर लिया। कार्यक्रम की शुरुआत बिहार गीत और भजनों से हुई, जिससे वातावरण आध्यात्मिक भावनाओं से ओतप्रोत हो उठा।

शोभायात्रा बनी आकर्षण का केंद्र

कार्यक्रम से पूर्व वीर कुंवर सिंह पार्क (हार्डिंग पार्क) से भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा बुद्ध मार्ग, आयकर गोलंबर, वीरचंद पटेल पथ, आर ब्लॉक होते हुए सभा स्थल तक पहुंची। वैदिक मंत्रोच्चार, नयनाभिराम झांकियों और बैंड-बाजों से पटना की सड़कों पर अद्भुत दृश्य उपस्थित हुआ।

इस यात्रा में राज्य भर के आर्य समाजों, शैक्षणिक संस्थानों, विशेषकर डीएवी स्कूलों के छात्र-छात्राएं एवं शिक्षक बड़ी संख्या में शामिल हुए। उनके हाथों में प्लाकार्ड्स थे, जिन पर “सर्वोत्तम ज्ञान—वेद ज्ञान”, “आर्य बनो—श्रेष्ठ बनो” जैसे प्रेरक संदेश अंकित थे। एनसीसी कैडेट्स ने आर्य समाज का ध्वज थाम रखा था, वहीं “ॐ की ध्वजा ऊपर रहे, आर्य समाज अमर रहे” के नारों से गगन गूंज उठा।

आर्य वीर दल के छात्रों द्वारा प्रस्तुत तलवारबाजी व लाठी-कला का प्रदर्शन दर्शकों के लिए मुख्य आकर्षण रहा। शोभायात्रा के दौरान भाजपा कार्यालय सहित कई स्थानों पर पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया गया।

सांस्कृतिक और आध्यात्मिक समागम

इस अवसर पर डीएवी स्कूल्स के क्षेत्रीय प्रबंधक एवं स्वागताध्यक्ष एस.के. झा, महापौर सीता साहू, उपमहापौर रेशमी चंद्रवंशी, सभा के मंत्री रमेन्द्र कुमार गुप्ता, कोषाध्यक्ष सत्यदेव प्रसाद गुप्त, राकेश आर्य, मनोज कुमार आर्य सहित सैकड़ों आर्यजन उपस्थित थे।

ज्ञात हो कि यह छह दिवसीय महायज्ञ बिहार राज्य आर्य प्रतिनिधि सभा, पटना और आर्य प्रादेशिक प्रतिनिधि उपसभा, बिहार के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है। शुक्रवार की सुबह दयानंद कन्या विद्यालय में यजुर्वेद पारायण महायज्ञ और ॐ ध्वजारोहण के साथ कार्यक्रम का आरंभ हुआ। वैदिक विद्वानों ने भजनों और उपदेशों के माध्यम से सनातन धर्म की गूढ़ व्याख्या की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top