पटना,दीपशिखा – पूर्व आईपीएस अधिकारी श्री शिवदीप वामनराव लांडे ने 7 अप्रैल 2025 को हिंद सेना नामक एक नई राजनीतिक पार्टी का गठन किया। आज, 8 अप्रैल को इस नई पार्टी की आधिकारिक घोषणा की गई। हिंद सेना का उद्देश्य बिहार ही नहीं, बल्कि संपूर्ण भारत के सामाजिक न्याय और समावेशी विकास को सुनिश्चित करना है।
हिंद सेना की मूल विचारधारा – “समानता, न्याय और सेवा” – भारतीय समाज की वास्तविक ज़रूरतों को संबोधित करती है। पार्टी का विश्वास है कि देश का प्रत्येक नागरिक समान अवसरों, निष्पक्ष न्याय और सच्ची जनसेवा का हकदार है। यही तीन स्तंभ हिंद सेना की नीति, नीयत और निष्ठा का आधार हैं।
मुख्य सिद्धांत:
1. समानता – प्रत्येक नागरिक को जाति, धर्म, वर्ग या क्षेत्र से परे समान अवसर और अधिकार मिलना चाहिए। हिंद सेना एक ऐसे समाज की परिकल्पना करती है जहां समावेशिता और बराबरी को सर्वोच्च प्राथमिकता मिले।
2. न्याय – न्याय हर नागरिक का जन्मसिद्ध अधिकार है। पार्टी न्यायपालिका और प्रशासन में पारदर्शिता, जवाबदेही और निष्पक्षता को बढ़ावा देने के लिए कटिबद्ध है।
3. सेवा – राजनीति का मूल उद्देश्य जनसेवा है। हिंद सेना का लक्ष्य है एक ऐसा सुशासित समाज स्थापित करना, जिसमें हर नागरिक को शासन की मूलभूत सुविधाएं और सहायता सहज रूप से प्राप्त हो।
श्री लांडे ने कहा, “हिंद सेना केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि एक विचारधारा है – एक जनआंदोलन है, जो समाज में न्याय, समानता और सेवा की भावना को पुनर्स्थापित करेगा। हमारा संकल्प है कि हम हर नागरिक को उसका अधिकार और सम्मान दिलाएंगे।”
युवाओं से विशेष आग्रह
हिंद सेना देश के युवाओं से आह्वान करती है कि वे इस परिवर्तनकारी अभियान से जुड़ें। युवा ही राष्ट्र के भविष्य निर्माता हैं, और हम उन्हें इस मिशन का नेतृत्वकर्ता बनने के लिए आमंत्रित करते हैं।
उन्होंने कहा हम सब मिलकर एक समतामूलक, न्यायप्रिय और सेवा-समर्पित भारत का निर्माण करते हैं।