पटना, दीपशिखा। सावन के उल्लास और पारंपरिक संस्कृति को समर्पित “सावन महोत्सव” का आयोजन ‘समर्थ नारी समर्थ भारत’ संगठन के पुनाईचक स्थित कार्यालय में धूमधाम से संपन्न हुआ। इस अवसर पर महिलाओं ने लोकगीतों और फिल्मी धुनों पर मनमोहक प्रस्तुति देकर महोत्सव में चार चांद लगा दिए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता पुष्पा पाठक ने की, जबकि संचालन अनीता मिश्रा ने किया। महोत्सव का उद्घाटन करते हुए संगठन की राष्ट्रीय सह-संयोजिका माया श्रीवास्तव ने कहा कि सावन का महीना नारी शक्ति के उत्साह, श्रद्धा और प्रकृति प्रेम का प्रतीक होता है। उन्होंने कहा कि “हरियाली तीज और नागपंचमी जैसे पर्व न केवल धार्मिक आस्था बल्कि सांस्कृतिक चेतना को भी पोषित करते हैं।”
माया श्रीवास्तव ने आगे कहा, “आज की व्यस्त जीवनशैली में सावन एक ऐसा अवसर है जो हमें प्रकृति और हमारी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ता है। महिलाओं ने जिस उत्साह के साथ नृत्य और गायन प्रस्तुत किया, वह यह सिद्ध करता है कि वे कला के हर क्षेत्र में निपुण हैं।”
इस अवसर पर कार्यक्रम की उपाध्यक्ष मीना श्रीवास्तव ने कहा कि सावन का महीना आध्यात्मिकता और ऊर्जा का समय है। सभी महिलाओं ने एक-दूसरे को हरियाली तीज और मधुश्रावणी पर्व की शुभकामनाएँ दीं।
महोत्सव में प्रमुख रूप से प्रदेश उपाध्यक्ष स्मिता सिन्हा, सरिता सिंह, महानगर अध्यक्ष अनीता मिश्रा, राखी सिंह, रागिनी सिंह, संगीत सिन्हा, चुन्नी देवी, लक्ष्मी देवी, संगीता दुबे, अर्चना कुमारी, गायन्ति ठाकुर, किरण ठाकुर, संगीत सिंगर, बबली कर्ण समेत अनेक महिलाओं की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम का धन्यवाद ज्ञापन प्रदेश महासचिव दीपशिखा ने किया।