Headlines

विराट आर्य महासम्मेलन सह राष्ट्र निर्माण महायज्ञ का शुभारंभ11 से 13 अप्रैल तक भजन, प्रवचन और वैदिक उपदेशों की श्रंखला11 अप्रैल को वीर कुंवर सिंह पार्क से निकलेगी शोभायात्राउद्घाटन सत्र में दोनों उपमुख्यमंत्री करेंगे शिरकत

Spread the love

पटना, दीपशिखा। महर्षि दयानंद सरस्वती की 200वीं जयंती और आर्य समाज की स्थापना के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में मीठापुर स्थित दयानंद कन्या विद्यालय में मंगलवार को विराट आर्य महासम्मेलन सह राष्ट्र निर्माण महायज्ञ का भव्य शुभारंभ हुआ। यह छह दिवसीय आयोजन बिहार राज्य आर्य प्रतिनिधि सभा, पटना एवं आर्य प्रादेशिक प्रतिनिधि उपसभा, बिहार के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है।

महासम्मेलन के मुख्य कार्यक्रम 11 से 13 अप्रैल तक विभिन्न सत्रों में संपन्न होंगे। उद्घाटन सत्र में बिहार सरकार के दोनों उप मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी एवं श्री विजय कुमार सिन्हा, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल, मंत्री विजय कुमार चौधरी, डॉ. सुनील कुमार, संजय सरावगी, एवं दिल्ली आर्य प्रतिनिधि सभा के महामंत्री विनय आर्य सहित अनेक गणमान्य अतिथि शामिल होंगे।

इसकी जानकारी बिहार राज्य आर्य प्रतिनिधि सभा के मुख्य संरक्षक एवं पूर्व राज्यपाल श्री गंगाप्रसाद ने मंगलवार को दयानंद कन्या विद्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में दी। उन्होंने बताया कि महासम्मेलन का उद्देश्य वैदिक संस्कृति के प्रचार-प्रसार, महर्षि दयानंद के विचारों का पुनर्पुनर्जागरण, तथा राष्ट्र निर्माण में आर्य समाज की भूमिका को जन-जन तक पहुंचाना है।

शोभायात्रा से होगा सम्मेलन का औपचारिक शुभारंभ

पूर्व राज्यपाल गंगाप्रसाद ने बताया कि 11 अप्रैल, शुक्रवार को संध्या 4 बजे, वीर कुंवर सिंह पार्क (हार्डिंग पार्क) से एक भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जो मीठापुर स्थित दयानंद कन्या विद्यालय तक जाएगी। इस शोभायात्रा में राज्यभर के आर्य समाजों एवं शिक्षण संस्थानों से लगभग पांच हजार प्रतिनिधियों के भाग लेने की संभावना है। शोभायात्रा ढोल-नगाड़ों, झांकियों एवं वैदिक उद्घोषणाओं के साथ निकाली जाएगी, जो आर्य समाज की गरिमा और एकता का प्रतीक होगी।

सांस्कृतिक और वैदिक गतिविधियों की होगी भरमार

महासम्मेलन के दौरान यजुर्वेद पारायण महायज्ञ, वैदिक विद्वानों के उपदेश, भजनोपदेश, तथा शिक्षा सम्मेलन, राष्ट्र रक्षा सम्मेलन, आर्य महिला सम्मेलन, और आर्यवीर दल सम्मेलन जैसे विविध सत्रों का आयोजन किया जाएगा। इन सत्रों में उत्तरप्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा, राजस्थान, दिल्ली सहित देश के अनेक राज्यों के वैदिक विद्वान भाग लेंगे।

ब्रहमचारिणियों ने वेद पाठ से बांधा समां, पहले दिन की रही विशेष गरिमा

सम्मेलन के प्रथम दिन यजुर्वेद पारायण महायज्ञ का आयोजन हुआ। इस अवसर पर वाराणसी से आईं ब्रह्मा आचार्या अनामिका शास्त्री तथा पाणिनी कन्या महाविद्यालय की ब्रह्मचारिणियों ने सस्वर वेद पाठ कर वातावरण को मंत्रमय बना दिया। बिहार राज्य आर्य प्रतिनिधि सभा के प्रधान एवं विधायक डॉ. संजीव चौरसिया ने धर्मपत्नी वर्षा चौरसिया के साथ यज्ञ में आहुति अर्पित की।

प्रवचन सत्र में आचार्य प्रभामित्र शास्त्री ने महर्षि दयानंद सरस्वती के विचारों की प्रासंगिकता पर प्रकाश डालते हुए उनके आदर्शों को आत्मसात करने का आह्वान किया।

महायज्ञ 13 अप्रैल तक चलेगा, जिसमें प्रतिदिन प्रातःकाल एवं सायंकाल दो पालियों में यज्ञ, प्रवचन एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा। इस पावन अनुष्ठान में दयानंद कन्या विद्यालय की प्राचार्या, शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्राएं एवं दयानंद विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने भी भाग लिया।

संवाददाता सम्मेलन में बिहार राज्य आर्य प्रतिनिधि सभा के प्रधान डॉ. संजीव चौरसिया, मंत्री रमेंद्र कुमार गुप्ता, कोषाध्यक्ष सत्यदेव प्रसाद गुप्ता, मनोज आर्य, संजय गुप्ता समेत कई वरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top