नई दिल्ली, 13 मई। मालवीय स्मृति भवन, आई टी ओ में जिज्ञासा फाउंडेशन का स्थापना दिवस मनाया गया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में राज्यसभा सदस्य एवं भाजपा के प्रवक्ता डॉ सुधांशु त्रिवेदी ने ‘बदलता विश्व व भविष्य का भारत’ विषय पर व्याख्यान दिया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि जिज्ञासा का नाम ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं धार्मिक महत्व का है। विषय पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि मोदी जी के नेतृत्व में भारत बदल गया है जो आतंकवादी हमले की निंदा नहीं करता अपितु पाकिस्तान के अंदर सौ किलोमीटर तक जाकर हमला करके सबक सिखाता है। यह भारत की कूटनीतिक सफलता है कि एक ओर अब अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा कश्मीर की नहीं बल्कि आतंकवाद की हो रही है जिसमें पाकिस्तान अपने को निर्दोष सिद्ध करने में लगा हुआ है। किंतु चीन और तुर्की जैसे एक – दो देशों को छोड़कर अरब और ईरान जैसे जैसे मुस्लिम देश तक पाकिस्तान के साथ नहीं खड़े हुए। जहां तक दबाव की बात है भारत का बाज़ार अमेरिका के लिए महत्वपूर्ण है इसलिए दबाव पाकिस्तान पर है भारत पर नहीं। और अभी यह अल्पविराम है पूर्णविराम नहीं है। हमने कह दिया है कि किसी भी आतंकवादी हमले को भारत पर हमला मानकर उत्तर दिया जाएगा। मोदी जी न तो वोट बैंक की राजनीति के समक्ष झुकते हैं और न ही परमाणु बम की धमकी के सामने झुकते हैं। अब हम सॉफ्ट स्टेट नहीं हैं। आज देश की संवृद्धि दर, स्फीति दर से लगातार दुगनी बनी हुई है जो बदलते भारत की ‘हिंदुत्व रेट ऑफ ग्रोथ’ है। बदलते विश्व में भारत ने उन्नत तकनीकी को अपनाया है। डिजिटल लेन – देन में अमेरिका और चीन से अधिक भारत में डिजिटल लेन – देन होते हैं जो विश्व में सबसे अधिक हैं। इसी प्रकार सौर ऊर्जा का उपयोग भारत तेजी से बढ़ रहा है। हम मोदी जी के नेतृत्व में गुलामी की मानसिकता से बाहर आए हैं।
जिज्ञासा संस्था के अध्यक्ष श्री राजकुमार भाटिया ने बताया की जिज्ञासा के ऑनलाइन तथा ऑफलाइन दोनों रूप में वर्ष भर कार्यक्रम होते हैं जिनमें वर्तमान संदर्भ में उपयोगी विषयों पर चर्चाएं तथा व्याख्यान आयोजित किए जाते हैं। इसके साथ-साथ जिज्ञासा, जिज्ञासा चिंतन, जिज्ञासा मंथन, जिज्ञासा डी यू एवं जिज्ञासा स्त्री के नाम से व्हाट्सएप समूह भी चलते हैं जिनमें निरंतर सम-सामयिक विषयों पर विभिन्न क्षेत्रों से संबंधित विद्वानों द्वारा निरंतर चर्चा की जाती है। वर्तमान समय में सूचना एवं ज्ञान का अपना विशिष्ट महत्व है। जिज्ञासा समूह विभिन्न क्षेत्रों से संबंधित विद्वानों को एक प्लेटफार्म प्रदान करता है जिसके माध्यम से वे आपसी चर्चाओं द्वारा एक दूसरे को ज्ञान और सूचनाओं के आदान-प्रदान से समृद्ध करते हैं।
मोदी जी के नेतृत्व में भारत विश्व का नेतृत्व करेगा – सुधांशु त्रिवेदी

Spread the love