नई दिल्ली : नई दिल्ली स्थित कनसिटचुशन क्लब ऑफ इंडिया के डिप्टी चेयरमैन हॉल में गुरुवार को “वर्तमान सामाजिक एवं राजनीतिक परिदृश्य में पंडित दीनदयाल उपाध्याय के दर्शन की प्रासंगिकता” विषय पर एक महत्वपूर्ण संगोष्ठी एवं पुस्तक लोकार्पण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन शिल्पायन पब्लिशर्स एंड डिस्ट्रीब्यूटर्स द्वारा किया गया था।
कार्यक्रम में पार्लियामेंट सचिव एवं कमल संदेश के संपादक डॉ. शिवशक्ति नाथ बक्शी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में पंडित दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद को भारतीय जीवन-दर्शन की महत्वपूर्ण अवधारणा बताते हुए कहा कि यह दर्शन व्यक्ति, समाज और राष्ट्र के संतुलित विकास का मार्ग प्रस्तुत करता है।
कार्यक्रम में श्री माधवेन्द्र सिंह (राष्ट्रीय संगठन प्रभारी, अभ्युदय यूथ क्लब) विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने अपने विचार रखते हुए “भारत” और “इंडिया” के बीच के अंतर को रेखांकित किया तथा समाज की कुछ महत्वपूर्ण वास्तविकताओं पर प्रकाश डाला।
संगोष्ठी के मुख्य वक्ता वरिष्ठ पत्रकार श्री अवधेश कुमार ने विषय पर विस्तार से अपने विचार व्यक्त किए तथा डॉ. सुनीति मुंड द्वारा लिखित दोनों पुस्तकों की वैचारिक पृष्ठभूमि और समकालीन प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में डॉ. बीपीन कुमार सम्मानित अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि डॉ. मुंड की पुस्तकें वर्तमान समय में सामाजिक और वैचारिक विमर्श को नई दिशा देने वाली महत्वपूर्ण कृतियाँ हैं।
इस अवसर पर लेखक डॉ. सुनीति मुंड की पुस्तकों “लोक सरोकार” तथा “पंडित दीनदयाल उपाध्याय: जननायक” का विधिवत लोकार्पण किया गया। अपने संबोधन में डॉ. मुंड ने कहा कि इन पुस्तकों की रचना का उद्देश्य पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचारों को व्यापक समाज तक पहुँचाना है। उन्होंने कहा कि इस विषय पर आयोजित संगोष्ठियों को आगे चलकर कॉलेजों और युवाओं के बीच भी ले जाया जाएगा, ताकि नई पीढ़ी इन विचारों से जुड़ सके।
कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े बुद्धिजीवियों, शिक्षाविदों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, पत्रकारों तथा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही। इस अवसर पर श्री विक्रमादित्य सिंह ने भी “दो पुस्तक लोकार्पण–संगोष्ठी–अभियान” के इस संयुक्त कार्यक्रम की सराहना करते हुए अपने विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम का समन्वय श्री कपिल भारद्वाज (शिल्पायन पब्लिशर्स एंड डिस्ट्रीब्यूटर्स) द्वारा किया गया। अंत में वरिष्ठ सुप्रीम कोर्ट अधिवक्ता श्री भारत शर्मा ने धन्यवाद ज्ञापन किया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। कार्यक्रम का संचालन स्वयंसेवक राजीव नयन ओझा ने किया। कार्यक्रम के संचालन दक्ष कम्युनिकेशन के तरफ से किया गया।
**

