Headlines

टीम भावना और अनुशासन से हर मंजिल संभव: सरदार पटेल सम्मान समारोह में वक्ताओं का आह्वानखेल, शिक्षा, चिकित्सा और समाज सेवा में योगदान देने वाले दिग्गजों का हुआ भव्य सम्मान

Spread the love

पटना, दीपशिखा।
“अगर संकल्प मजबूत हो और टीम भावना के साथ आगे बढ़ें, तो संसाधनों की कमी भी सफलता में बाधा नहीं बन सकती।” यह संदेश गुरुवार को प्रेमचंद रंगशाला, पटना में आयोजित सरदार पटेल सम्मान समारोह 2025 में वक्ताओं ने दिया। इस समारोह का आयोजन टर्निंग प्वाइंट और ग्रामीण एजुकेशनल एंड सोशल वेलफेयर ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में किया गया, जिसमें बिहार के विभिन्न क्षेत्रों से आई जानी-मानी हस्तियों को सम्मानित किया गया।

दीप प्रज्ज्वलन से आरंभ हुआ समारोह
समारोह का उद्घाटन बिहार सरकार के सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री कृष्ण कुमार मंटू, उप महापौर रेशमी चंद्रवंशी, जनसुराज की नेत्री बंदना कुमारी, और अन्य विशिष्ट अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद कासा पिकोला स्कूल क्रिकेट लीग सीजन-5 के विजेता खिलाड़ियों समेत समाजसेवा, शिक्षा, चिकित्सा और पत्रकारिता से जुड़े कई व्यक्तित्वों को सम्मानित किया गया।

खेल के महत्व पर जोर
मंत्री मंटू ने कहा कि खेल अब केवल शारीरिक गतिविधि नहीं, बल्कि करियर का भी मजबूत विकल्प है। बिहार सरकार भी खेल को बढ़ावा देने के लिए कई योजनाएं चला रही है। सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री महेश्वर हजारी ने ग्रामीण प्रतिभाओं को मंच देने की दिशा में ट्रस्ट के प्रयासों की सराहना की और कहा कि गांवों में ही असली हीरे छिपे हैं, जिन्हें तराशने की जरूरत है।

खेलों में कठिन प्रतिस्पर्धा और 4D मंत्र
बिहार प्लेयर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष मृत्युंजय तिवारी ने कहा कि टीम में जगह बनाना आज किसी सरकारी नौकरी पाने से कठिन है। उन्होंने सफलता के लिए “4D” – डिज़ायर, डेडिकेशन, डिटरमिनेशन और डिसिप्लिन का मंत्र दिया।

समाज के हर क्षेत्र के लोगों का सम्मान
इस अवसर पर खेल, शिक्षा, पत्रकारिता, स्वास्थ्य, समाजसेवा व प्रशासनिक क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वालों को सरदार पटेल खेल रत्न, खेल विभूति, विशेष खेल सम्मान, लाइफटाइम अचीवमेंट, और अन्य उपाधियों से सम्मानित किया गया। इसमें क्रिकेट कोच रंजीत भट्टाचार्य, मनोरोग विशेषज्ञ डॉ. सरिता अखौरी, फिजियोथेरेपिस्ट डॉ. कुंदन, और पत्रकार मो. ईशाउद्दीन समेत सैकड़ों नाम शामिल हैं।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने मोहा मन
समारोह में भर ले उड़ान संस्था के कलाकारों ने भक्ति और फिल्मी गीतों पर मनमोहक प्रस्तुति दी। मुखौटा नृत्य ने दर्शकों की तालियां बटोरीं।

सम्मान से आती है ज़िम्मेदारी: बंदना कुमारी
समाजसेवी बंदना कुमारी ने कहा कि सम्मान सिर्फ गौरव नहीं, ज़िम्मेदारी का एहसास भी कराता है। उन्होंने आयोजन की सफलता पर आयोजकों को शुभकामनाएं दीं और सहयोग का भरोसा जताया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में सरदार पटेल स्पोर्ट्स फाउंडेशन, नवीन कुमार और उनकी टीम, आयोजन अध्यक्ष विजय शर्मा, और संचालनकर्ता मृत्युंजय कुमार झा की सराहनीय भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top