नई दिल्ली, 21 फरवरी। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने करोल बाग स्थित unacademy कोचिंग संस्थान में अध्ययनरत छात्रों के साथ हुए अन्याय के विरोध में आज एक जोरदार प्रदर्शन हुआ। Unacademy के ऑफलाइन सेंटर से जुड़े लगभग 1500 से अधिक छात्र-छात्राएँ कोचिंग सेंटर बंद होने के कारण उनका शुल्क वापस न मिलने से परेशान है । कंपनी द्वारा ऑफलाइन सेंटर बंद किए जाने के बाद भी विद्यार्थियों को उनके द्वारा जमा की गई फीस वापस नहीं की गई।
गौरतलब हो कि Unacademy मुख्यतः ऑनलाइन शिक्षा देने वाली संस्थान है जिसका एक ऑफ़लाइन सेंटर दिल्ली के करोल बाग में स्थित है जहाँ काफी संख्या में छात्र अध्ययन कर रहे है किंतु कोचिंग प्रबंधन अचानक से सेंटर बंद करने के फिराक में है। छात्रों को जब इस बात की जानकारी हुई तब वे प्रबंधन से इस बारे में बातचीत करने गए तो उनके साथ अमानवीय व्यवहार किया गया। कई छात्रों को परिसर में बंद करने की भी बात सामने आई। छात्रों ने लगातार हुए अमानवीय व्यवहार से परेशान होकर विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं से संपर्क किया इसके बाद कल दिनांक 20 फरवरी से विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता उनके साथ आंदोलन पर बैठे है।
प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने बताया कि जब उन्हें परिसर में बंद किया गया था तब इसकी शिकायत पुलिस से की थी किन्तु पुलिस प्रशासन ने उपयुक्त कदम नहीं उठाया। कोचिंग संस्थान ने योजनाबद्ध तरीके से पहले वहाँ पढ़ा रहे शिक्षकों को निकाला उसके बाद छात्रों से कहा कि शिक्षक छोड़ कर चले गए है इसलिए वे सेंटर चलाने में असमर्थ है किन्तु ये बिल्कुल असत्य बात है छात्रों ने जब शिक्षको से बात की तो उन्हें नौकरी से निकालने की बात सामने आई । छात्रों का कहना है कि फरवरी, मार्च और अप्रैल में एडमिशन लेने वाले विद्यार्थियों को रिफंड से वंचित रखा गया है, जबकि मई के बाद प्रवेश लेने वाले कुछ छात्रों को ही आंशिक रूप से भुगतान किया गया है।
सेंटर में अध्ययनरत छात्रों में से एक छात्रा पारुल ने कहा कि संस्थान जब सेंटर को बंद करने की योजना बना चुका था उसके बाद उन्होंने छात्रा का पंजीकरण करके शुल्क लिया जिसे देने से वे मना कर रहे है। संस्थान छात्रों के साथ धोखाधड़ी कर रहा है अपना ऑफलाइन सेंटर बंद करके बच्चों के पैसे हड़पने का काम उनके द्वारा किया गया जिसके कारण हम सभी प्रदर्शन कर रहे हैं और हमारी मांग है कि हमारी फीस जल्दी से जल्दी रिफंड कराई जाए।
अभाविप दिल्ली के प्रदेश मंत्री श्री सार्थक शर्मा ने कहा की अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद छात्रहितों के लिए सदैव तत्पर रही है उनके साथ जो अमानवीय व्यवहार हुआ विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता उनको न्याय दिलाने की लड़ाई में उनके साथ सदैव खड़े रहेंगे, छात्रों के साथ हो रहे दुर्व्यवहार एवं उनकी फीस वापसी की मांग को कोचिंग संस्थान जल्द से जल्द पूरी करें।


